पंडरिया। युवा कांग्रेस के महासचिव बृजेश शुक्ला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बृजेश शुक्ला शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ बाहर खाना खाने गया हुआ था और देर रात घर आकर अपने कमरे में सो गया। युवक हर दिन सुबह लेट से उठता था। इसके चलते युवक की मां ने सुबह 10 बजे जब नाश्ता के लिए दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। बाद में शंका होने पर परिजनों ने युवक के रूम का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल होते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि बृजेश का शव पंखे से लटका हुआ था।
बताया जा रहा है कि युवक घर का इकलौता चिराग था। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्ग कायम कर पंडरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत डॉक्टर्स ने इलाज किया बंद, ये बताया कारण
जानकारी के मुताबिक युवक के कमरे से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने युवक के कमरे से दो मोबाइल बरामद किए हैं। युवक ने बीती रात 11 बजे आखिरी बार अपने दोस्तों से मोबाइल पर बातचीत की थी। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही है।
घटना की जानकारी लगते ही कांग्रेसी नेताओं में हड़कंप मच गया और जिले के सभी कांग्रेसी मामले की जानकारी लेने बृजेश के घर पहुंच गए।
वेब डेस्क, IBC24