नागपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय ने कहा कि मुठभेड़ शाम करीब चार बजे कोसमी-किसनेली जंगल में हुई।
कार्यालय ने एक बयान में कहा, ”गढ़चिरौली पुलिस के सी-60 कमांडो धनोरा तालुका के जंगली इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी नक्सलियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।”
बयान में कहा गया है, ” पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली वहां से भाग गए।”
कार्यालय ने कहा कि बाद में तलाशी के दौरान वहां पांच नक्सलियों के शव मिले। उनकी पहचान की जा रही है।
बयान के अनुसार घटना के बाद गढ़चिरौली पुलिस ने जंगल में नक्सल-रोधी अभियान तेज कर दिया है।
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश