भोपाल। मध्यप्रदेश के रिटायर्ड आईएएस अफसर और भोपाल के कलेक्टर रह चुके एमए खान आयकर विभाग के घेरे में हैं। खान के पास करीब 30 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी है, जो उन्होंने भोपाल के अलावा जबलपुर, फरीदाबाद आदि शहरों में खरीदी है। यह संपत्ति परिवार के सदस्यों के नाम पर है। ऐसा कहा जा रहा है कि उन्होंने संपत्ति की यह जानकारी छिपाई थी। खान ने अलग अलग पदों पर रहते हुए अकूत संपत्ति बनाई। फिलहाल आयकर विभाग ने खान को नोटिस जारी किया है और 15 दिन के भीतर नोटिस का जवाब मांगा है।
ये भी पढ़ें- शिक्षाकर्मियों ने अरपा घाट पर दीप जलाकर की संविलियन की मांग
आयकर सूत्रों का कहना है कि खान पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी और जब पूरा रिकॉर्ड खंगाला गया तो उनकी अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ। पुख्ता जानकारी के आधार पर ही आयकर ने उन पर हाथ डाला है।
आयकर विभाग ने एमए खान की बेनामी प्रॉपर्टी को लेकर रजिस्ट्रार ऑफ प्रॉपर्टी एवं रेवेन्यू अथॉरिटी को पत्र लिखा है। इसमें प्रॉपर्टी की जानकारी देकर कहा है कि संबंधित प्रॉपर्टी की कोई खरीद-बिक्री नहीं होने पाए।
एमए खान 1991-92 में भोपाल कलेक्टर थे। दिसंबर,92 में बाबरी ढांचा ढहाए जाने के दौरान भड़के दंगे के वक्त उन्हें पद से हटा दिया था। उस समय प्रदेश में सुंदर लाल पटवा की सरकार थी। दंगे रोकने में नाकाम होने पर खान के खिलाफ काफी समय तक जांच भी चली थी।
ये भी पढ़ें- नक्सलियों ने बीजेपी सांसद विक्रम उसेंडी के फार्म हाउस को लैंड माइन से उड़ाया
वर्ष 2016 में आए बेनामी एक्ट के बाद टीनू आनंद जोशी, सरैया, सेवकराम भारती सहित मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में अब तक 219 बेनामी प्रॉपर्टी सामने आ चुकी है। लेकिन एमए खान का इस एक्ट के तहत ऐसा पहला नाम विभाग ने उजागर किया है, जिन्होंने करीब 30 करोड़ की प्रॉपर्टी परिवार-नाते-रिश्तेदारों के नाम पर खरीद रखी है।
आयकर विभाग को मिली जानकारी के मुताबिक हुजूर तहसील में फंदा के पास बरखेड़ी वाजियाफाद में करीब 2 करोड़ रूपए की 6 एकड़ कृषि भूमि, जबलपुर के राइट टाउन में आशियाना अपार्टमेंट में 50 लाख रुपए का 1000 वर्ग फीट का फ्लैट, अरेरा कॉलोनी स्थित ई-4/316 में 2 करोड़ रूपए का 2400 वर्ग फीट का भव्य बंगला और अरेरा कॉलोनी में ही ई-3/91 में लगभग 3 करोड़ रुपए का 4500 वर्ग फीट का बंगला, अरेरा कॉलोनी में ई-2/146 में 3000 वर्ग फीट में करीब 3 करोड़ का बंगला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बी-19, कोहेफिजा में डेढ़ करोड़ का 2500 वर्ग फीट का मकान, कोहेफिजा स्थित होटल इम्पीरियल सावरे के बाजू में 10 करोड़ का 11,500 वर्ग फीट का प्लॉट, फरीदाबाद के चारमवुड ब्लैज में 50 लाख का 900 स्क्वायर फीट का फ्लैट और दो करोड़ रुपए का दो कृषि भूमि वाजियाफाद, फंदा, तहसील हुजूर में शामिल है।
वेब डेस्क, IBC24