पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश मॉडल’ जरूरी: उपमुख्यमंत्री पाठक

Ads

पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश मॉडल’ जरूरी: उपमुख्यमंत्री पाठक

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 11:31 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 11:31 PM IST

समाना/जगरांव (पंजाब), 27 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि नशीले पदार्थों के तस्करों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पंजाब को ‘उत्तर प्रदेश मॉडल’ लागू करना चाहिए।

पाठक ने गैंगस्टर अधिनियम, संपत्तियों की जब्ती और अन्य कानूनी उपायों के जरिए गैंगस्टर तथा संगठित अपराध के खिलाफ योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई कार्रवाई को रेखांकित किया।

पाठक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत समाना में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज वहां गैंगस्टर कांपते हैं। अब पंजाब को भी ऐसी सरकार की जरूरत है, जो नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई करे।’’

पाठक ने पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या से निपटने के तरीके को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा अपनी जान गंवा रहे हैं और इसके चलते परिवार बर्बाद हो रहे हैं।

जगरांव के कौंके कलां गांव में एक रैली के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की और दावा किया कि उसने पंजाब को बर्बादी की ओर धकेल दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के संरक्षण में राज्य में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है और सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने में विफल रही है।

भाषा आशीष अमित

अमित