मुंबई, 27 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम कर रहा है और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग को यह प्रक्रिया पूरी करने देना चाहिए।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक रूप से स्वतंत्र संस्था है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करना और पारदर्शी मतदाता सूची का विरोध करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का ही विरोध है।’’
कांग्रेस और कई अन्य दलों ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक हालिया खबर के बाद ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। खबर में दावा किया गया था कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर 10 महीने की अवधि में कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
आठवले ने कहा कि कुमार को विपक्ष के दबाव में इस्तीफा नहीं देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयुक्तों के बीच कोई मतभेद नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण जरूरी है और मृतकों के नाम हटाए जाने चाहिए।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित