लातूर, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगीर और जलकोट तहसील के 47 गांव जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना (पीओसीआरए) के लिए चुने गए हैं। एक राज्य मंत्री ने यह जानकारी दी।
पर्यवारण एवं जल आपूर्ति राज्य मंत्री संजय बंसोड़े ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इन गांवों में से सबसे अच्छा प्रदर्शन करनेवालों को बुनियादी विकास योजना और विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष से 10-10 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत विभिन्न 23 योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार यह परियोजना ‘नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी योजना’ के तहत लेकर आई है और इसका लक्ष्य राज्य सरकार संचालित योजनाओं का फायदा छोटे और मंझोले किसानों को देना है। यह किसानों के जीवन में क्रांतिकारी आर्थिक बदलाव लेकर आएगा और हम कृषि क्षेत्र में एक नए उदगीर पद्धति का सृजन कर सकेंगे।’’
भाषा स्नेहा शाहिद
शाहिद