महाराष्ट्र के राज्यपाल ने मुंबई विश्वविद्यालय के भवनों के लिए शीघ्र मंजूरी देने को कहा

Ads

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने मुंबई विश्वविद्यालय के भवनों के लिए शीघ्र मंजूरी देने को कहा

  •  
  • Publish Date - June 30, 2021 / 02:53 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:25 PM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुंबई विश्वविद्यालय के तैयार भवनों को अनापत्ति प्रमाण पत्र और कब्जा प्रमाण पत्र (ओसी ) देने में देरी को ‘राष्ट्रीय संसाधनों की बर्बादी’ करार देते हुए बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों से जल्द से जल्द संबंधित मंजूरी देने को कहा।

राजभवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कोश्यारी ने यहां विश्वविद्यालय के कलिना परिसर का दौरा किया और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभिन्न विभागों और भवनों का निरीक्षण भी किया।

राज्यपाल राज्य में विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं। बयान के अनुसार राज्यपाल ने इस बात पर “कड़ी नाराजगी” जतायी कि बृहन्मुंबई नगर निगम से ओसी और शहर के अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण 38 भवनों का उपयोग नहीं हो पा रहा है।

विश्वविद्यालय की ‘प्रमुख परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं’ को लेकर राज्यपाल के समक्ष एक प्रस्तुति दी गई तथा उन्हें नए परीक्षा भवन, पुस्तकालय भवन, अंतरराष्ट्रीय छात्रों के छात्रावास और छात्रावास, विरासत संरक्षण के लिए मास्टर प्लान, सौर ऊर्जा परियोजना आदि से भी अवगत कराया गया।

भाषा अविनाश उमा

उमा