मुंबई में राहगीर ने पुलिस वैन का लॉक खोला, हिरासत में लिए गए छात्र दरवाजा खोलकर भाग निकले

Ads

मुंबई में राहगीर ने पुलिस वैन का लॉक खोला, हिरासत में लिए गए छात्र दरवाजा खोलकर भाग निकले

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 11:38 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 11:38 AM IST

मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) मुंबई के चेंबूर इलाके में प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस वैन में ले जाने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई जब एक राहगीर बड़े आराम से वाहन के करीब पहुंचा और उसका लॉक खोल दिया, जिससे कई युवा बाहर निकलकर भाग गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

यह घटना बुधवार दोपहर चेंबूर थाना क्षेत्र स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर उद्यान चौक पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई। पुलिस ने बताया कि यह प्रदर्शन निषेधाज्ञा का उल्लंघन करके किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल पर 700 से 800 प्रदर्शनकारी जुटे थे।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांतिपूर्वक हटने के लिए कहा, जिसके बाद भीड़ छंट गई। इसके बाद भीड़ में शामिल करीब 200 लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस वैन के पास जाता है और उसका दरवाजा खोल देता है जिससे कई छात्र बाहर कूदकर भाग जाते हैं जबकि गाड़ी के पीछे चल रही एक युवती ताली बजाती दिख रही है।

इस बीच, एक और वायरल वीडियो में मुंबई में एक प्रदर्शन के दौरान एक युवती पुलिस की गाड़ी के रास्ते में खड़ी होकर नारे लगाती हुई दिखाई दी।

युवती को वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘मैं समझती हूं कि वे अपना काम कर रहे हैं लेकिन वे इसे जिम्मेदारी से नहीं कर रहे हैं। अगर वे जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे तो हमें अपने नागरिकों की जिम्मेदारी लेनी होगी। दिल्ली में छात्रों के साथ जो हुआ वह गलत था और उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।’’

युवती वीडियो में कहती हैं, ‘‘हम दिल्ली में जंतर-मंतर नहीं जा सकते। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर नहीं, तो उन्हें जंतर-मंतर जाकर छात्रों से बात करनी चाहिए।’’

मुंबई पुलिस के अनुसार, उन्होंने 18 जुलाई से 22 जुलाई के बीच जारी प्रदर्शनों के सिलसिले में गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में 400 लोगों के खिलाफ 13 मामले दर्ज किए हैं।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा