महाराष्ट्र: कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी की दर करीब एक महीने में तिगुनी हुई

Ads

महाराष्ट्र: कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी की दर करीब एक महीने में तिगुनी हुई

  •  
  • Publish Date - March 24, 2021 / 03:48 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:12 PM IST

(निखिल देशमुख)

मुंबई, 24 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में 14 फरवरी से 23 मार्च के बीच कोरोना वायरस के मामलों में इससे पहले के चार महीनों की तुलना में तिगुनी दर से बढ़ोतरी हुई है।

अक्टूबर से मामलों में गिरावट आने के बाद 14 फरवरी से इनमें उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। महाराष्ट्र में 20 मार्च को संक्रमण के 30,000 से अधिक नए मामले दर्ज किए गए, जो महामारी की शुरुआत के बाद से सर्वाधिक संख्या है।

राज्य में 14 फरवरी से 23 मार्च के बीच 37 दिन की अवधि में राज्य में संक्रमण के 4,68,748 मामले सामने आए और अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 25,33,026 हो गई। औसतन रोजाना 12,668 मामले सामने आए।

इससे पहले के महीनों में 4.68 लाख नए मामले सामने आने में 119 दिन लगे थे। राज्य में 18 अक्टूबर, 2020 से 13 फरवरी, 2021 के बीच 4,68,897 नए मामले सामने आए थे, यानी औसतन रोजाना 3,940 नए मामले सामने आए।

महाराष्ट्र में जनवरी में करीब 12,000 गांवों में ग्राम पंचायत चुनाव हुए थे, जिसके लिए बड़ी राजनीतिक सभाएं हुई थीं। कुछ स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मामलों में आई इस बढ़ोतरी के लिए इन समारोहों को जिम्मेदार ठहराया है।

एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ‘‘लोगों ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करना शुरू कर दिया और इसी अवधि में वायरस के नए स्वरूप सामने आने लगे और यह पहले से अधिक संक्रामक हो गया।’’

हालांकि, राज्य में 14 फरवरी के बाद से औसतन दैनिक मृत्युदर पहले की अवधि की तुलना में कम हुई है।

कोविड-19 के कारण 18 अक्टूबर से 13 फरवरी के बीच 9,414 लोगों की मौत हुई थी, यानी रोजाना औसतन 79 लोगों की मौत हुई। इसके बाद 14 फरवरी से 23 मार्च तक 2,060 लोगों की मौत हुई, यानी रोज औसतन 55 लोगों की मौत इस वायरस के कारण हुई।

भाषा

सिम्मी नरेश

नरेश