राज्यसभा की बैठक हंगामे के कारण दोपहर बारह बजे तक स्थगित

Ads

राज्यसभा की बैठक हंगामे के कारण दोपहर बारह बजे तक स्थगित

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 11:37 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 11:37 AM IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को राज्यसभा में विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

उच्च सदन की बैठक शुरु होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने सैन्य बलों के साहस और शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निगरानी में सीमाएं सुरक्षित हैं। इसके बाद उन्होंने तथा सदस्यों ने कारगिल संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैन्य बलों के कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ पल का मौन रखा।

कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है, लेकिन इस बार 26 जुलाई को रविवार होने के कारण अवकाश होगा और संसद की बैठक नहीं होगी। इसलिए आज शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद सभापति ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और प्रश्नकाल शुरू करना चाहा। इसी बीच विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।

सभापति राधाकृष्णन ने सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति दी। खरगे ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई का जिक्र किया। उनकी बात पूरी भी नहीं हो पाई थी कि सत्ता पक्ष के सदस्य विरोध जताने लगे।

सभापति ने हंगामे के कारण बैठक दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी और उच्च सदन में आज भी शून्यकाल नहीं हो पाया।

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर विपक्ष के विरोध और बार-बार के हंगामे एवं स्थगन के कारण मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार से अब तक राज्यसभा में शून्यकाल, प्रश्नकाल और कोई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज नहीं हो पाया है। आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की विपक्ष की मांग को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव