मथुरा: गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, तीन गिरफ्तार

Ads

मथुरा: गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - December 15, 2020 / 10:20 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:51 PM IST

मथुरा, 15 दिसम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में थाना वृन्दावन के अंतर्गत एक गांव में रविवार रात परचून की दुकान पर खरीदारी के दौरान सामान की कीमत को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया और सरकारी पिस्तौल भी छीन ली।

इस हमले में मुख्य आरक्षी व होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बाद में, थाने से पहुंचे पुलिस दल ने आठ नामजद आरोपियों में से तीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों के कब्जे से सरकारी पिस्तौल भी बरामद कर ली है।

वृन्दावन के थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस की टीम सकराया गांव में पहुंची। वहां गांव निवासी लखमी व प्रताप की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे हरीश से उनका झगड़ा हो गया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में नामजद सहित एक दर्जन लोगों ने पुलिस की टीम पर ही हमला कर दिया और मुख्य आरक्षी दिमेश चंद की पिस्तौल छीन ली।

सिंह ने बताया कि झगड़ा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आठ नामजदों में से लखमी, प्रताप तथा बने सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है।

भाषा सं शफीक