फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश), 21 जून (भाषा) फर्रुखाबाद जिले में एक घर में रखे पटाखों में विस्फोट के बाद रसोई गैस का सिलेंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया जिससे एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई तथा दो अन्य जख्मी हो गए।
कायमगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी राजवीर गौर ने सोमवार को बताया कि फर्रुखाबाद-एटा सीमा पर स्थित मेरापुर थाना क्षेत्र के देवसनी गांव में निरंजन लाल के घर में रविवार देर शाम अवैध रूप से पटाखे बनाते समय उनमें विस्फोट हो गया। उसके थोड़ी ही देर बाद घर में रखे रसोई गैस सिलेंडर में भी विस्फोट हो गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में निरंजन के घर में आग लग गई और मकान की छत ढह गई। गौर ने बताया कि अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मलबे को हटाया जिसमें महेश (30) का शव बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि हादसे में अनुराग (14) और अजीत (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनुराग, निरंजन का पुत्र है।
भाषा सं सलीम अविनाश
अविनाश