रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के चार वर्ष पूरे होने और पांचवे साल में प्रवेश पर मोदी सहित आम जनता को बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. सिंह ने कहा है कि मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत को एक शक्तिशाली और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में नई पहचान मिली है। उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं से देश में तरक्की और खुशहाली का एक नया वातावरण बना है।
डॉ. सिंह ने शुभकामना संदेश में कहा है कि विगत चार वर्ष में ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग के उत्थान की चिन्ता करते हुए अनेक नई योजनाओं की शुरूआत की है। इन योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक राज्य, प्रत्येक गांव और प्रत्येक शहर में समाज के हर वर्ग और विशेष रूप से अंतिम पंक्ति के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय की अवधारणा को अपनी योजनाओं का केंद्र बिंदु बनाया है। अन्त्योदय से सर्वोदय अथवा सबका उत्थान उनकी योजनाओं का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें : कर्नाटक विधानसभा में कुमारस्वामी ने पास किया फ्लोर टेस्ट, भाजपा का वॉकआउट
मुख्यमंत्री ने कहा- पूरे देश में गांव-गरीब और किसानों के जीवन में खुशहाली का एक नया दौर शुरू हुआ है। अच्छी सड़कों का बेहतरीन नेटवर्क देश के हर राज्य में तेजी से विकसित हो रहा है। मोदी ने आयुष्मान भारत योजना की शुरूआत की है, जो देश और दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। यह खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री ने पिछले महीने की 14 तारीख को छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान बीजापुर जिले के ग्राम जांगला में आयुष्मान भारत योजना के प्रथम चरण के तहत पूरे देश के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की स्थापना का सिलसिला शुरू किया और जांगला में देश का पहला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उनके हाथों लोकार्पित हुआ।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बहुत जल्द दुनिया के सर्वाधिक विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा।
वेब डेस्क, IBC24