सागर, मध्य प्रदेश। मौत कब कहां, किधर से आ जाए, कोई नहीं जानता। ऐसी ही एक दुखद अनहोनी सागर में हुई, जिसके बारे में कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों मध्य प्रदेश में विकास यात्रा पर हैं, इसी यात्रा के दौरान सागर के बंडा में उनकी सभा थी। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले सागर जिला भाजपा अध्यक्ष राजा दुबे जब मंच की ओर जा रहे थे, तभी अचानक गिर पड़े। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इसके बाद उनके निधन की ख़बर आ गई। राजा दुबे की इस तरह हुई अचानक मौत से सीएम समेत हर कोई स्तब्ध है।
सागर #IBC24BREAKING मुख्यमंत्री सीएम @ChouhanShivraj का कार्यक्रम- भाजपा जिला अध्यक्ष राजा दुबे चक्कर खाकर गिरे, इलाज के दौरान हुई मौत #MadhyaPradesh
— IBC24 (@IBC24News) November 25, 2017
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह और फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोनों ही अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त लोगों से संवेदना जताई। सागर जिला भाजपा अध्यक्ष राजा दुबे पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता थे और स्थानीय कार्यकर्ताओं में उनकी काफी लोकप्रियता थी। उनके निधन से राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा के लिए झटका माना जा रहा है।