भोपाल। मध्यप्रदेश में मंगलवार को शिवराज कैबिनेट की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया। बैठक में शोक प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं 493 करोड़ का तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम 31 अगस्त को प्रदेश भर में एक साथ किए जाने का निर्णय लिया गया। वितरण कार्यक्रम में सीएम शिवराज एक जगह शामिल होंगे।
बैठक में कहा गया कि अटलजी का जाना मप्र के लिए बड़ी क्षति है, अटलजी को मप्र से भारी लगाव था। कैबिनेट की बैठक में बैतूल जिले की निरगुड और घोघरी सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली। सीहोर जिले की कान्याखेड़ी, सिंचाई परियोजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति का प्रस्ताव मंजूर किया गया। आदिम जाति कल्याण विभाग में अनुदान प्राप्त अशासकीय संस्थाओं के शिक्षाकर्मियों, संविदा शिक्षकों को अध्यापक संवर्ग में संविलियन का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।
यह भी पढ़ें : दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत,मृतक के परिजनों को 4-4लाख रूपए देने की घोषणा
वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की निरंतरता बनाए रखने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही, छात्रावास योजना के संचालन को मंजूरी और जेईई, नीट, एम्स, एनडीए, एवं क्लेट की तैयारी के लिए द्विवर्षीय कोचिंग योजना की स्वीकृति के प्रस्ताव को को भी मंजूरी दे दी गई है।
इसके अलावा पंडित कुंजीलाल दुबे संसदीय विद्यापीठ के लिये पद स्वीकृत किया, उमरिया में स्टेडियम बनाने के लिये शिवराज कैबिनेट ने मंजूरी दी। इसी तरह 25 अगस्त को भोपाल में सम्बल योजना का कार्यक्रम किए जाने को भी मंजूरी दी गई।
वेब डेस्क, IBC24