कुख्यात महिला तस्कर को हिरासत में लेकर पुलिस ने 23.4 किलो गांजा बरामद किया

Ads

कुख्यात महिला तस्कर को हिरासत में लेकर पुलिस ने 23.4 किलो गांजा बरामद किया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 10:40 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 10:40 PM IST

नोएडा (उप्र), छह अगस्त (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में पुलिस ने एक कुख्यात महिला तस्कर को अदालत की अनुमति से पुलिस रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 23 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी महिला ने पूर्व में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाना फेस- वन पुलिस ने बृहस्पतिवार को कुख्यात महिला तस्कर हेमा पत्नी संजय उर्फ बाबू को पुलिस हिरासत में लिया और उससे गहनता से पूछताछ की।

आरोपी महिला की निशानदेही पर सेक्टर-आठ स्थित एक मकान से 23 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि गांजे की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला थाना फेस- वन में पंजीकृत एक मुकदमे में वांछित थी।

उन्होंने बताया कि यह महिला काफी दिनों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए कुख्यात है और उसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि इसी महिला के साथ कथित सांठ-गांठ के संबंध में बुधवार को गौतमबुद्ध नगर में तैनात कांस्टेबल पुनीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था और उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यह महिला तस्कर मासूम बच्चों और महिलाओं के जरिये गांजा बेचने के लिए कुख्यात है।

भाषा सं. संतोष

संतोष