रायपुर। शिक्षकों के लिए 10 दिवसीय आवासीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण आयोजित किए जाने का छत्तीसगढ़ पंचायत नगरीय निकाय शिक्षक मोर्चा ने जोरदार विरोध किया है। मोर्चा पदाधिकारियों ने आज एससीईआरटी के संचालक और स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को ज्ञापन देकर इस प्रशिक्षण का विरोध किया है।
मोर्चा के प्रदेश संचालक संजय शर्मा ने कहा कि शिक्षकों को परेशान करने के उद्देश्य से डाइट में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण रखा जा रहा है, जबकि इस भीषण गर्मी में वहां रहने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही अन्य शासकीय कर्मचारियों के समान न तो शिक्षकों को सेकंड और थर्ड सटरडे का अवकाश मिलता है और न ही अन्य कर्मचारियों के समान 30 अर्जित अवकाश की पात्रता है।
उन्होंने कहा कि इसके स्थान पर हमें केवल 10 अर्जित अवकाश की पात्रता है, उसके बाद उसके एवज में जो हमे एकमुश्त छुट्टियां मिलती हैं, उसमें प्रशासन इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कटौती करने की कोशिश कर रहा है। इसका हम पुरजोर विरोध करते है। उन्होंने कहा कि हमने गर्मियों की छुट्टी में किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण न रखने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:पीलिया से 6 मौतों के बाद सरकार हरकत में, पाइप लाइन बदलने दिए 21 करोड़
वहीं मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक दुबे ने कहा कि हमें प्रशिक्षण से नहीं, प्रशिक्षण के समय को लेकर ऐतराज है। विभाग द्वारा जानबूझकर गर्मियों की छुट्टियों में ऐसे प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है जो कि शिक्षकों के बुनियादी सुविधाओं पर कुठाराघात है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद पूरे प्रदेश के शिक्षकों ने लगभग ढाई माह तक एक 1 घंटे अतिरिक्त अध्यापन कार्य कराया जबकि आंदोलन के दौरान के अवकाश की कटौती भी उनके अर्जित अवकाश से की गई। अतिरिक्त अध्यापन का समायोजन इसमें नहीं किया गया और अब जो शिक्षकों को छुट्टियां मिल रही है उसे प्रशिक्षण के नाम पर काटा जा रहा है। इस अन्याय पूर्ण व्यवस्था का हम पुरजोर विरोध कर रहे हैं और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रद्द होना चाहिए।
वेब डेस्क, IBC24