बलिया में मंत्री और अन्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर प्राथमिकी दर्ज

Ads

बलिया में मंत्री और अन्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:54 AM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:54 AM IST

बलिया (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा उनके परिवार के साथ-साथ नगर पालिका के सभासदों और नागरिकों के खिलाफ ‘फेसबुक’ पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में फेसबुक खाता संचालित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता अंकित गुप्ता की तहरीर पर ‘पोल खोल’ नामक फेसबुक खाते के संचालक के खिलाफ सोमवार देर रात सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ‘पोल खोल’ नामक फेसबुक खाते से बलिया सदर के विधायक दयाशंकर सिंह और उनके परिवार के साथ-साथ नगर पालिका के सभासदों और नागरिकों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट लगातार की जा रही हैं।

तहरीर में कहा गया है कि इन पोस्ट के कारण बलिया का शांतिपूर्ण माहौल व्यक्तिगत दुश्मनी और रंजिश में बदल रहा है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी