रायपुर। छत्तीसगढ़ में फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण की तिथि आगे बढ़ा दी गई है। अब नए वोटर 31 अगस्त तक अपना नाम जुड़वा सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक नए वोटरों को जोड़ने की दृष्टि से ये फैसला लिया है। पुनरीक्षण के लिए पहले अंतिम तारीख 21 अगस्त रखी गई थी।
इससे पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुब्रत साहू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 27 सितंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पुनरीक्षण का कार्य समाप्त होने के बाद प्रकाशन किया जाएगा उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 18179435 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 9146099 और महिला मतदाता की संख्या 9032505 है।
यह भी पढ़ें : सिद्धू ने फिर दी सफाई, कहा- अटल भी तो बस से गए थे लाहौर, मुशर्रफ का स्वागत भी किया था
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 23632 मतदान केंद्र बनाए गए है। इसमें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 23411 मतदान केंद्र है। इसके अलावा 234 प्रस्तावित है, जबकि वही 13 मतदान केंद्र को विलोपित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 221 मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि की गयी है। वहीं ईवीएम व वीवीपेट मशीन की तकनीकी जानकारी का कार्यक्रम भी आयोग ने रखा है, जिसे 31 अगस्त तक नया रायपुर के विभिन्न शासकीय भवनों में किया जाएगा।
वेब डेस्क, IBC24