रमन ने कहा- भाजपा ओपी चौधरी का बेहतर से बेहतर उपयोग करेगी, 2019 में मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे
रमन ने कहा- भाजपा ओपी चौधरी का बेहतर से बेहतर उपयोग करेगी, 2019 में मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे
रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी के भाजपा प्रवेश का स्वागत किया है। उन्होंने बतौर कलेक्टर उनके काम की तारीफ करते हुए कहा कि वे देश के बेहद काबिल कलेक्टर्स में एक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री अवार्ड भी हासिल किया है।
मुख्यमंत्री परिषद की बैठक के बाद दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि ‘अब तो सभी लोग आ रहे हैं, पार्टी के दरवाजे खुले हुए हैं, ये बेहद ऊर्जावान कलेक्टर रहे हैं, जिन्होंने 13 साल तक काम किया, जिन्हे प्रधानमंत्री से अवार्ड मिला है, राष्ट्रपति से अवार्ड मिला। वे सबसे बेस्ट कलेक्टर थे, सबसे कम उम्र में कलेक्टर बने, अगर वो राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास आकर कहते हैं, मैं अपना जीवन पार्टी के लिए समर्पित करना चाहता हूं, पार्टी जो मेरा उपयोग करना चाहती है, करने को तैयार हूं, तो ये है पार्टी की ताकत कि, इतना लंबा कैरियर, लाल बत्ती को छोड़कर, जिस पर वो 30 साल तक चलते, उसे छोड़कर उन्होंने संघर्ष का रास्ता चुना। ये छोटी बात नहीं है, ये बहुत बड़ा निर्णय है। रमन ने कहा कि ये बहुत खुशी की बात है कि वे आज भाजपा में शामिल हुए, उनका पार्टी बेहतर से बेहतर उपयोग करेगी, मैं ओपी चौधरी का पार्टी में स्वागत करता हूं’।
यह भी पढ़ें : कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायकजी का रिपोर्ट कार्ड, क्या कहता है जनता का मूड-मीटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनावों के लिहाज से बैठक में विस्तार से चर्चा की गई है। बैठक में लक्ष्य तय करते हुए संकल्प लिया गया है कि 2019 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुमत हासिल कर सरकार को सत्ता में दोबारा स्थापित किया जाएगा। बैठक में संकल्प लिया गया है कि 2014 से भी ज्यादा बहुमत हासिल किया जाए। बीजेपी की मजबूत सरकार स्थापित की जाएगी।
रमन ने कहा कि बैठक में केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विस्तार से समीक्षा की गई. उन्होंने कहा कि केंद्र ने जिस तरह से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उसके अब देशव्यापी बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिए जाने की 70 साल पुरानी मांग को लोकसभा में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने उपेक्षित रखने की कोशिश की। इसे लेकर पिछड़ा वर्ग के भीतर देश में अद्भूत प्रतिक्रिया देखने को मिली। केंद्र सरकार ने एससी-एसटी के अधिकार को लेकर कानून बनाया। किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया। यह सब ऐसे निर्णय है, जो देश में बड़ी तादात में रहने वाले लोगों को प्रभावित करते हैं।
डॉ सिंह ने कहा कि एनआरसी को लेकर बीजेपी का स्पष्ट मत रहा है। विदेशी घुसपैठियों का देश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित कर भगाया जाता है। ऐसे में केंद्र सरकार ने सिटीजन एमेंडमेंट बिल का निर्णय लिया। 2019 में सरकार इन्हें साथ लेकर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। रमन ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान अपने आप में केंद्र सरकार का बड़ा निर्णय रहा है। आज देश 90 फीसदी से ज्यादा ओडीएफ हो गया है। सभी राज्यों ने ओडीएफ को लेकर बेहतर काम किया है। सौभाग्य योजना, उज्जवला योजना जैसी कई योजनाओं ने आम लोगों की जिंदगी में व्यापक परिवर्तन लाया है। गरीब कल्याण के लिए देश के राज्यों की सरकारें बेहतर ढंग से आगे बढ़ी है।
यह भी पढ़ें : बिहार में गैंगस्टर की कोर्ट परिसर में हत्या, अंधाधुंध फायरिंग से अदालत का चपरासी भी घायल
रमन ने कहा कि बैठक के दौरान 2018 में छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। हर राज्य की अलग-अलग परिस्थितियां है। हमने उन परिस्थितियों को सबके सामने रखा है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी गठबंधन में प्रधानमंत्री पद को लेकर चल रही कश्मकश पर कहा कि न सूत में कपास, जुलाहों में लठ्ठम लठ्टा। मुझे लगता है कि वे चुनाव आते तक निर्णय नहीं कर पाएंगे कि प्रधानमंत्री कौन होगा। दरअसल उन्हें प्रधानमंत्री बनाना ही नहीं है, क्योंकि 2019 के आम चुनाव में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री होंगे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


