MP Vidhan Sabha Update: विधानसभा में ‘कीड़ा’ शब्द को लेकर बवाल! इस सीनियर मंत्री से भिड़े नेता प्रतिपक्ष, सीएम कक्ष के सामने धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक

विधानसभा में 'कीड़ा' शब्द को लेकर बवाल! इस सीनियर मंत्री से भिड़े नेता प्रतिपक्ष, Uproar over word 'worm' in MP Vidhan Sabha

MP Vidhan Sabha Update: विधानसभा में ‘कीड़ा’ शब्द को लेकर बवाल! इस सीनियर मंत्री से भिड़े नेता प्रतिपक्ष, सीएम कक्ष के सामने धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक
Modified Date: July 22, 2026 / 07:59 pm IST
Published Date: July 22, 2026 7:58 pm IST

भोपाल। MP Vidhan Sabha मध्यप्रदेश विधानसभा में छात्रों को लेकर कथित “कीड़ा” टिप्पणी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर छात्रों को “कीड़ा” कहने का आरोप लगाया, जबकि विजयवर्गीय ने इसे पूरी तरह निराधार बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से व्यवस्था की मांग की।

MP Vidhan Sabha  विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर द्वारा संबंधित वीडियो और कार्यवाही का रिकॉर्ड देखने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उन्होंने छात्रों के लिए “कीड़ा” शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष को अपनी गलती का एहसास हो और वे माफी मांगना चाहें तो यह उनका विवेक होगा। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वे विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष को समझाने गए थे। इसी दौरान उन पर छात्रों को “कीड़ा” कहने का आरोप लगाया गया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने दिल्ली के जंतर-मंतर की घटना का मुद्दा सदन में उठाया था, जिसके बाद कांग्रेस विधायक बहिष्कार कर मुख्यमंत्री कक्ष के सामने धरने पर बैठ गए। विजयवर्गीय ने कहा कि उन जैसे जिम्मेदार व्यक्ति पर इस तरह का आरोप लगाना बेहद असहनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा अध्यक्ष ने पूरी रिकॉर्डिंग की जांच के बाद साफ कर दिया है कि उनके मुंह से ऐसा कोई शब्द नहीं निकला। उन्होंने कहा कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष से न तो माफी की अपेक्षा है और न ही खेद की, लेकिन सदन की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

विजयवर्गीय के समर्थन में मंत्री राजेंद्र शुक्ला भी सामने आए। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने छात्रों को “कीड़ा” नहीं कहा था, बल्कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से यह कहा था कि “क्या आप कॉकरोच पार्टी से मिल गए हैं।” इसे छात्रों से जोड़कर पेश करना गलत है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विजयवर्गीय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गांवों में कॉकरोच को भी “कीड़ा” ही कहा जाता है। उनका आरोप है कि विजयवर्गीय छात्रों को कॉकरोच बताकर उन्हें अराजकता फैलाने वाला साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अपने अधिकारों और न्याय की मांग कर रहे छात्र देशद्रोही हैं। सिंघार ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं से परेशान छात्र इंसाफ की मांग कर रहे हैं और उनके आंदोलन को इस तरह से बदनाम करना उचित नहीं है। छात्रों को लेकर कथित टिप्पणी पर शुरू हुआ यह विवाद अब विधानसभा के भीतर सियासी टकराव का नया मुद्दा बन गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड के आधार पर स्पष्ट किया है कि कार्यवाही में छात्रों के लिए “कीड़ा” शब्द दर्ज नहीं है।

इन्हें भी पढ़ें:


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।