(MNRE Suntosh Chatbot/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: MNRE Suntosh Chatbot: नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) ने WhatsApp पर आधारित AI पावर्ड चैटबॉट SUNtosh लॉन्च किया है। यह डिजिटल असिस्टेंट खास तौर पर सोलर एनर्जी से जुड़ी जानकारी और सलाह देने के लिए बनाया गया है। इसे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) के तहत विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आम लोगों को उनके घर की छत पर सोलर सिस्टम लगाने से जुड़ी आसान और सही जानकारी उपलब्ध कराना है।
SUNtosh चैटबॉट QR कोड के जरिए आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को सिर्फ दो जानकारियां देनी होती हैं। जिनमें पहली उनके घर का सैंक्शन लोड और दूसरी उनका लेटेस्ट बिजली बिल। इन दो इनपुट के आधार पर यह AI टूल तुरंत व्यक्तिगत सलाह देता है। इसमें यह बताया जाता है कि घर के लिए कितने क्षमता का सोलर सिस्टम सही रहेगा, बिजली बिल में कितनी बचत हो सकती है और कुल कितने लंबे समय में आर्थिक फायदा मिलेगा।
यह AI असिस्टेंट न केवल सोलर पैनल की क्षमता बताता है बल्कि सब्सिडी का अनुमान लगाने और संभावित बचत की गणना करने में भी मदद करता है। इसके अलावा यह यूजर्स को यह भी सुझाव देता है कि उनके घर के लिए कौन सा सोलर सिस्टम बेहतर रहेगा। साथ ही यह भरोसेमंद वेंडर से जुड़ने में भी मार्गदर्शन करता है। जिससे लोगों को सही निर्णय लेने में आसानी हो सके।
सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Yojana) के तहत एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना है। इतने बड़े स्तर पर लोगों तक जानकारी पहुंचाना एक चुनौती है। कई लोग लागत, सब्सिडी और बचत को लेकर असमंजस में रहते हैं। SUNtosh इस समस्या को आसान बनाता है क्योंकि यह WhatsApp जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म पर तुरंत और सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध कराता है। इससे लोग बिना तकनीकी ज्ञान के भी सही निर्णय ले सकते हैं।