(WhatsApp New Features/ Image Credit: Pexels)
WhatsApp New Features 2026: मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स लाते रहता है। हाल ही में WhatsApp for iOS में नया अपडेट वर्जन 26.8.76 आया है, जो चैटिंग को पहले से ज्यादा आसान और मजेदार बनाता है। इस अपडेट के जरिए अब यूजर चैट करते समय किसी भी इमोजी को टाइप करते ही उससे जुड़े स्टिकर तुरंत स्क्रीन पर दिखाई देंगे।
पहले स्टिकर भेजने के लिए अलग से स्टिकर कीबोर्ड खोलना पड़ता था और सही स्टिकर तलाशने में समय लगता था। अब नया फीचर इसे आसान बनाता है। यूजर जिस इमोजी को टाइप करेगा, उससे संबंधित स्टिकर तुरंत सामने आ जाएंगे। इनमें से किसी एक को चुनकर सीधे चैट में भेजा जा सकता है, जिससे समय की बचत होती है और चैटिंग अनुभव बेहतर होता है।
यह नया स्टिकर सुझाव फीचर फिलहाल iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध है। अपडेट धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा। यदि किसी के फोन में यह फीचर अभी दिखाई नहीं दे रहा है, तो आने वाले दिनों में यह अपने-आप एक्टिव हो सकता है।
अगर यूजर को दिखाई दे रहे स्टिकर पर्याप्त नहीं हैं, तो ‘Show More Results’ विकल्प पर टैप करके और स्टिकर देखे जा सकते हैं। इसमें ऐप के अंदर मौजूद स्टिकर और थर्ड-पार्टी स्टिकर पैक भी शामिल हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, हंसने वाला इमोजी टाइप करने पर फनी रिएक्शन वाले स्टिकर दिखेंगे और दिल वाले इमोजी पर प्यार या भावनाओं से जुड़े स्टिकर।
Meta Platforms हाल के महीनों में WhatsApp में कई नए फीचर्स जोड़ रहा है। ग्रुप चैट के लिए Group Message History फीचर से नए सदस्य पुराने मैसेज देख सकते हैं। इसके अलावा भारतीय यूजर्स के लिए SIM Binding जैसे सुरक्षा फीचर्स और प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान (WhatsApp Plus) लाने की तैयारी भी चल रही है, जिसमें पेड यूजर्स को अतिरिक्त कस्टमाइजेशन और खास सुविधाएं मिलेंगी।