शहीद हवलदार की बेटी की शादी में साथियों ने निभाई पिता की जिम्मेदारी, 14 सैनिकों ने किया कन्यादान

शहीद हवलदार की बेटी की शादी में साथियों ने निभाई पिता की जिम्मेदारी, 14 सैनिकों ने किया कन्यादान

शहीद हवलदार की बेटी की शादी में साथियों ने निभाई पिता की जिम्मेदारी, 14 सैनिकों ने किया कन्यादान
Modified Date: March 12, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: March 12, 2026 7:09 pm IST

बागपत (उप्र), 12 मार्च (भाषा) बागपत जिले के काठा गांव में शहीद हवलदार की बेटी की शादी में उनके साथियों ने भावनात्मक उदाहरण पेश किया। सैनिकों ने न सिर्फ विवाह समारोह की जिम्मेदारी संभाली बल्कि कन्यादान कर पिता की कमी को भी पूरा करने का प्रयास किया।

इसका वीडियो हाल में सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, काठा गांव निवासी हरेंद्र सिंह सेना की 21 जाट रेजीमेंट में हवलदार थे। वर्ष 2020 में अरुणाचल प्रदेश में तैनाती के दौरान एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। उनके परिवार में पत्नी अमृता, बेटी प्राची और दो बेटे हर्षित व अक्षित हैं।

हरेंद्र के परिजन ने बृहस्पतिवार को बताया कि उनकी बड़ी बेटी प्राची का विवाह नौ मार्च को शामली जिले के कानियान निवासी शुभम के साथ संपन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि शादी का निमंत्रण मिलने पर हरेंद्र सिंह के कई साथी सैनिक छुट्टी लेकर गांव पहुंचे और समारोह में सक्रिय भूमिका निभाई।

परिजन ने बताया कि 21 जाट रेजीमेंट के कैप्टन यशपाल सिंह, सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन राजेश गुलिया, सूबेदार धर्मवीर सिंह, सूबेदार रामरतन, सूबेदार धर्मेंद्र और हवलदार किरनपाल सहित कुल 14 सैनिक इस अवसर पर मौजूद रहे।

उन्होंने बताया कि सैनिकों ने बारात के स्वागत से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक जिम्मेदारी निभाई।

परिजन के मुताबिक, सैनिकों ने कन्यादान करने के साथ-साथ कन्या को साढ़े छह लाख रुपये भी दिये।

विवाह की रस्मों के दौरान सैनिक पूरे समय परिवार के साथ खड़े रहे। विदाई के समय माहौल बेहद भावुक हो गया और समारोह में मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग सैनिकों की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

भाषा सं सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में