नदी में बहे पांच जंगली हाथी, वन और सिंचाई विभाग ने बचाया

Ads

नदी में बहे पांच जंगली हाथी, वन और सिंचाई विभाग ने बचाया

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 01:02 AM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 01:02 AM IST

बहराइच (उप्र), 26 अगस्त (भाषा) बहराइच स्थित कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में मंगलवार को कौड़ियाला नदी के तेज बहाव में बहकर गिरजापुरी बैराज की ओर जा रहे पांच जंगली हाथियों को वन एवं सिंचाई विभाग की तत्परता से बचा लिया गया।

झुंड में तीन वयस्क हाथी और उनके दो बच्चे शामिल थे।

प्रभागीय वन अधिकारी अपूर्व दीक्षित ने संवाददाताओं से बताया कि मंगलवार पूर्वाह्न करीब 10 बजकर 20 मिनट पर कैलाशपुरी बैरियर के माध्यम से कतर्नियाघाट रेंज मुख्यालय को सूचना मिली कि तेज धारा कुछ हाथियों को बैराज की ओर बहा ले जा रही है और विशेष रूप से हाथियों के दो बच्चे तेज बहाव में नियंत्रण खो रहे थे जबकि वयस्क हाथी भी उन्हें बचाने के प्रयास में उनके साथ बह रहे थे।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही कतर्नियाघाट के रेंज अधिकारी टीम के साथ गिरजापुरी बैराज पहुंचे और सिंचाई विभाग से तत्काल मदद मांगी, जिसने बैराज का फाटक बंद कर नदी के बहाव की गति कम कर दी और इसके बाद वयस्क हाथियों ने दोनों बच्चों को संभालकर सुरक्षित दिशा में पहुंचाया।

इसके बाद वन कर्मियों ने शोर मचाया, जिससे पांचों हाथी सुरक्षित जंगल में चले गए।

वन्यजीव विशेषज्ञ वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी डा. रमेश पांडेय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर वन एवं सिंचाई विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के बीच समय पर समन्वय और रेंज स्टाफ की तत्परता से एक बड़ी वन्यजीव त्रासदी टल गई।

भाषा सं सलीम सुभाष

सुभाष