उत्तरप्रदेश के बहराइच में एक करोड़ रुपये मूल्य का स्मैक जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

उत्तरप्रदेश के बहराइच में एक करोड़ रुपये मूल्य का स्मैक जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 06:00 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 06:00 PM IST

बहराइच (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने 155 ग्राम स्मैक जब्त की जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रुपईडिहा के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) हरेन्द्र कुमार मिश्र ने शुक्रवार को ‘पीटीआई- भाषा’ से बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार रात एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जावेद खां (36) के रूप में हुई है, जो थाना रामगांव क्षेत्र के सुमनपुरवा टेहरा गांव का निवासी है। उसके कब्जे से 155 ग्राम स्मैक बरामद की गयी।

मिश्र ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ रुपईडीहा थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज