(फाइल फोटो के साथ)
बहराइच (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन पर मासूम बच्चों की मौत को छुपाने के लिए ‘इंसेफेलाइटिस’ को अज्ञात बीमारी बताने का आरोप लगाया।
योगी ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘एक समय था जब यह मौसम इस क्षेत्र में इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों का कहर लेकर आता था। मुझे याद है, जब इंसेफेलाइटिस से मासूम बच्चे अपनी जान गंवा देते थे। पिछली सरकारें उन मासूमों की मौत को छुपाने के लिए इसे ‘अज्ञात बीमारी’ करार देती थीं और गुमराह करती थीं।’’
मुख्यमंत्री नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड के उद्घाटन में शामिल होने के लिए बहराइच आये थे।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जब ‘डबल इंजन’ सरकार आई तो हमने नजरें नहीं फेरीं, हमने किसी को गुमराह नहीं किया। हमने घोषणा की कि कोई भी बीमारी अनजान नहीं रह सकती। हमने कहा कि हम बीमारी का पता लगाएंगे और इसे पूरी तरह से खत्म कर देंगे। आपने देखा है कि कैसे उत्तर प्रदेश में माफिया के खात्मे के साथ-साथ इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी भी हमेशा के लिए खत्म हो गई है। अब किसी भी पिता को चिंता नहीं होती कि इंसेफेलाइटिस और दिमागी बुखार उसके बच्चे की जान ले लेगा। यह मौसम अब किसी के लिए चिंता नहीं लेकर आता है।’’
योगी ने यह भी कहा कि इस नए भारत में ‘‘ हम रैपिड रेल, अमृत भारत, नमो भारत और वंदे भारत जैसी नई रेल सेवाओं को एक नए, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के दृष्टिकोण को पूरा करते हुए देख रहे हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘ जब रास्ते बड़े होते हैं, तो बाज़ार भी बड़े हो जाते हैं। हमारे लिए अवसर भी बढ़ते हैं। और जब अवसर विशाल होते हैं, तो हमारे संकल्पों को साकार होने में देर नहीं लगती है।’’
भाषा अरूनव जफर राजकुमार
राजकुमार