बलिया (उप्र), 16 मार्च (भाषा) बलिया जिले के गड़वार थानाक्षेत्र के चिलकहर गांव में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने से 22 वर्षीया एक महिला और उसके चार साल के बेटे की दम घुटने से मौत होने की घटना के 24 घंटे बाद मंगलवार को महिला के ससुर का शव एक मंदिर के पोखरे में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मामले में महिला के पिता की तहरीर पर उसके जेठ, सास और ससुर के विरुद्ध हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने के कारण रिंकी (22) व उसके बेटे धीरज (चार) की दम घुटने से मृत्यु हो गई थी। पुलिस के अनुसार इसके साथ ही रिंकी के पति नीरज चौरसिया (24) घायल हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि उसी दुकान में रहने वाले महिला के ससुर झूलन चौरसिया (65) का काफी खोज-बीन के बाद भी पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि झूलन के ज्येष्ठ पुत्र पंकज चौरसिया द्वारा मंगलवार को पुलिस को सूचना दी गई कि झूलन चौरसिया का शव गांव के ही शिव मन्दिर पोखरे में पड़ा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार रिंकी के पिता एवं रसड़ा थानाक्षेत्र के परसिया गांव निवासी पुरुषोत्तम चौरसिया की तहरीर पर झूलन चौरसिया, उनकी पत्नी कांति देवी और उनके बेटे पंकज चौरसिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की हत्या व अपराधिक साजिश से संबंधित धारा 103(1), 61(2)ए व 326 जी के तहत नामजद मामला गड़वार थाने में दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पुरुषोत्तम चौरसिया ने तहरीर में आरोप लगाया है कि नीरज को आगे बढ़ते देखकर पंकज उससे द्वेष रखता था तथा पंकज चौरसिया, उसके पिता झूलन चौरसिया और मां कांति देवी ने षड्यंत्र के तहत साजिश करके दुकान में आग लगाकर घर के बाहर ताला बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार पुरुषोत्तम चौरसिया ने तहरीर में आरोप लगाया है कि आग लग जाने की वजह से कमरे के अंदर सोई रिंकी व उसके बेटे धीरज की दम घुटने के कारण मौत हो गई और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित