उप्र में बारिश और तूफान संबंधी घटनाओं में 56 लोगों की मौत, 46 घायल

Ads

उप्र में बारिश और तूफान संबंधी घटनाओं में 56 लोगों की मौत, 46 घायल

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 07:25 PM IST

लखनऊ, 27 सितंबर (भाषा) उत्‍तर प्रदेश में पिछले 60 घंटे में बारिश और तूफ़ान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई और 46 लोग घायल हो गए। राज्‍य के राहत आयुक्‍त ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशु हानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है। उन्‍होंने बताया कि जनहानि के मामलों में सीतापुर में सात, लखीमपुर खीरी में पांच, बहराइच में पांच, बलरामपुर में पांच, अयोध्या में चार तथा गोरखपुर में चार जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है।

घायलों में हरदोई में सात, मैनपुरी में पांच, श्रावस्ती में पांच, बाराबंकी में पांच और सीतापुर-लखीमपुर खीरी में तीन-तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।

मकान क्षतिग्रस्त होने के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

राज्य के 75 में से 56 जिलों में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यशोद ने रविवार को जिलाधिकारियों और अपर ज़िला अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने उन्हें निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में रहें, प्रभावित लोगों से सीधा संपर्क बनाए रखें और तुरंत मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे तुरंत फसल के नुकसान का आकलन करें और नियमों के अनुसार मुआवजा दें, ज़रूरत पड़ने पर रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करें और जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं।

राहत विभाग ने बताया कि बचाव दल जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अभियान चला रहे थे।

विभाग ने लोगों को सलाह दी कि वे पानी और बाढ़ से प्रभावित इलाकों में बेवजह न जाएं और तेज़ी से बहने वाली नदियों, नालों और जलधाराओं से दूर रहें। आपातकालीन सहायता के लिए लोग राहत आयुक्त कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।

भाषा आनन्द

संतोष

संतोष