कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘झूठ’ का पर्दाफाश हो गया है: पंकज चौधरी

Ads

कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘झूठ’ का पर्दाफाश हो गया है: पंकज चौधरी

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 07:24 PM IST

लखनऊ, 27 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के निर्वाचन आयोग को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘‘झूठ’’ का पर्दाफाश हो गया है।

चौधरी ने पत्रकारों से कहा कि निर्वाचन आयोग के संयुक्त बयान से कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन के ‘‘झूठ’’ का पर्दाफाश हो गया और भ्रम और मनगढ़ंत कहानियों की राजनीति पूरी तरह ध्वस्त हो गई।

उन्होंने कहा कि आयोग के बयान से ‘‘दूध का दूध और पानी का पानी हुआ, कांग्रेस व विपक्ष सिर्फ और सिर्फ झूठ, सनसनी और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। कांग्रेस का झूठ बेनकाब हो गया।’’

चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत सभी फैसले तीनों निर्वाचन आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिये गए और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि फॉर्म-छह के घोषणापत्र को उच्चतम न्यायालय पहले ही वैध ठहरा चुका है और इससे विपक्ष की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश फिर नाकाम हो गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए निर्वाचन आयोग, उच्चतम न्यायालय और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्तों (डॉ.एस.एस. संधू एवं विवेक जोशी) की 26 सितंबर को बैठक हुई और उसके बाद निर्वाचन आयोग की और से एक साझा बयान जारी किया गया है जिसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि देशभर में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित सभी प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिये गए हैं।

भाषा आनन्द संतोष अमित

अमित