उप्र : सोनभद्र में कंटेनर से 6.25 क्विंटल गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

उप्र : सोनभद्र में कंटेनर से 6.25 क्विंटल गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

उप्र : सोनभद्र में कंटेनर से 6.25 क्विंटल गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
Modified Date: September 25, 2026 / 12:40 am IST
Published Date: September 25, 2026 12:40 am IST

सोनभद्र, 24 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर एक कंटेनर से करीब 6.25 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ 10 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर के अलावा आरोपियों के पास से 10 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

वर्मा ने बताया कि 23 और 24 सितंबर की दरमियानी रात शाहगंज क्षेत्र में पुलिसकर्मी गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गौरीशंकर मंदिर के पास एक कंटेनर चालक पुलिस को देखकर वाहन खड़ा कर भागने लगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस का विशेष कार्य बल (एसओजी) पहले से ही कंटेनर का पीछा कर रहा था। वाहन के रुकते ही एसओजी के जवान भी मौके पर पहुंच गए और कंटेनर चालक दिलीप कुमार देहुरी तथा उसके साथी संतोष कुमार साहू को पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तलाशी के दौरान कंटेनर में लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर बनाए गए एक अलग केबिन में करीब 6.25 क्विंटल गांजा छिपाकर रखा गया था। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।

वर्मा के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बरामद गांजे की खेप मिर्जापुर जिले में एक व्यक्ति को देने जा रहे थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में