मरीज से विवाद मामले में दो प्रशिक्षु नर्सों के ख़िलाफ गैरइरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
मरीज से विवाद मामले में दो प्रशिक्षु नर्सों के ख़िलाफ गैरइरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
शाहजहांपुर (उप्र), 21 जुलाई (भाषा) शाहजहांपुर जिले के मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की ओर से दो प्रशिक्षु नर्सों के विरुद्ध शिकायत पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि शहर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को प्रशिक्षु नर्सों तथा डायलिसिस कराने आए एक मरीज के मध्य विवाद हो गया था। यह भी आरोप था कि मरीज के साथ आए लोगों ने नर्सों की पिटाई की थी।
उन्होंने बताया कि दोनों ओर से कोतवाली पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद एक अधिकारी को पूरे मामले की जांच सौंपी गई।
दीक्षित ने बताया कि डायलिसिस कराने आई मरीज के पिता की शिकायत पर दो प्रशिक्षु नर्सों के विरुद्ध सोमवार रात में मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके पहले नर्सों की तहरीर पर मरीज के पिता और भाई विजय प्रताप तथा अभय प्रताप के अलावा 20 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने मरीज पक्ष की शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि मरीज को डायलिसिस विभाग में बेड नंबर एक आवंटित था परंतु उसे बेड नंबर एक नहीं दिया गया और दूसरे बेड पर उसका डायलिसिस शुरू कर दिया गया। जब मरीज की तबीयत बिगड़ी तो नर्स ने आकर उसके शरीर से वह नली निकाल दी जिसे डायलिसिस के लिए लगाया गया था। इसके बाद मरीज की हालत बिगड़ गई और उसे वहां से अन्यत्र ले जाया गया।
दीक्षित ने बताया कि प्रशिक्षु नर्सों अलका एवं अनुष्का के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) एवं 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सं आनन्द शफीक मनीषा
मनीषा

Facebook


