मिर्जापुर में मारपीट में घायल दलित युवक की मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम की, मामला दर्ज
मिर्जापुर में मारपीट में घायल दलित युवक की मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम की, मामला दर्ज
मिर्जापुर (उप्र), 21 जुलाई (भाषा) मिर्जापुर जिले के थाना विंध्याचल क्षेत्र में करीब 10 दिन पहले मारपीट के दौरान घायल हुए एक दलित युवक की सोमवार को वाराणसी के अस्पताल में मौत हो जाने के बाद आक्रोशित परिजनों ने विंध्याचल में चक्का जाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपियों के ख़िलाफ़ ग़ैर इरादतन हत्या और अनुसूचित जाति जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के बंगाली चौराहा निवासी शिवमोहन (20) को 11 जुलाई को सदर बाजार के निवासी अमित केशरवानी ने 200 रुपये देकर पहाड़ पर यह पता करने भेजा था कि पानी कहां कहां है। अमित ने बताया था कि उसके कुछ रिश्तेदार आने वाले हैं, जिन्हें पहाड़ की सैर करानी है।
शिवमोहन ने पहाड़ पर पानी की जगह देखी और शिवाला घाट के बारे में बताया। अगले दिन 12 जुलाई को शिवमोहन, अमित और उसका रिश्तेदार शिवाला घाट की सैर करने गए। वापस विंध्याचल आते समय देवरहवां बाबा आश्रम के पास शिवमोहन के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई और उसे सड़क के किनारे फेंक दिया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल पड़ा है। सूचना पर विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और शिवमोहन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल भेजा गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजन बाद में शिवमोहन को इलाज के लिए वाराणसी के एक अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान 20 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
बयान के मुताबिक, शिवमोहन की मौत को संदिग्ध मानते हुए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मामले की जांच की मांग की।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल अजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। परिजनों से तहरीर लेकर भारतीय न्याय संहित की धारा 105 (ग़ैर इरादतन हत्या) और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
शफीक मनीषा
मनीषा

Facebook


