चंदौली में पहली कक्षा के एक छात्र को उसके नाबालिग रिश्तेदार ने मार डाला

चंदौली में पहली कक्षा के एक छात्र को उसके नाबालिग रिश्तेदार ने मार डाला

चंदौली में पहली कक्षा के एक छात्र को उसके नाबालिग रिश्तेदार ने मार डाला
Modified Date: June 2, 2026 / 09:53 pm IST
Published Date: June 2, 2026 9:53 pm IST

चंदौली (उप्र), दो जून (भाषा) चंदौली जिले के धीना थानाक्षेत्र में दो दिन पहले पहली कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध मौत का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार कार्तिक की हत्या उसके ही 15 वर्षीय रिश्तेदार ने की थी।

पुलिस का कहना है कि चुगली से नाराज यह किशोर कार्तिक को मोबाइल में कार्टून दिखाने के बहाने गांव के स्कूल में ले गया और बेरहमी से मार डाला।

थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिलीप श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि करजरा गांव के कृष्णा सिंह की पत्नी कंचन सिंह ने तहरीर दी थी कि उनका बेटा कार्तिक रविवार सुबह घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया तथा करीब चार घंटे की खोजबीन के बाद गांव में कंपोजिट विद्यालय में उसका शव मिला।

श्रीवास्तव के अनुसार कंचन सिंह ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया ।

एसएचओ ने बताया कि जांच के दौरान इस वारदात में शामिल किशोर (15) को जनौली चौराहे से पकड़ा गया तथा उसके पास से सैमसंग का एंड्रॉयड फोन भी बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करजरा में अपने मामा के घर आया था, मामा के पट्टीदार के परिवार की कंचन सिंह रिश्ते में उसकी मामी लगती हैं, उनके घर भी उसका आना-जाना था।

श्रीवास्तव के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 26 मई को उसने कंचन के मोबाइल से चोरी-छिपे अपने दोस्त को तीन हजार रुपये भेज दिए थे और कार्तिक ने यह देख लिया एवं अपनी मां को बता दिया।

पुलिस के अनुसार इस पर कंचन ने किशोर को काफी डांटा, इसी से नाराज होकर उसने कार्तिक को मारने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि रविवार को वह कार्तिक को मोबाइल में कार्टून दिखाने के बहाने कंपोजिट विद्यालय ले गया, वहां उसका मुंह दबाया और सीने पर चढ़कर मार डाला।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में