हापुड़ (उप्र), 13 मई (भाषा) हापुड़ में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर बुधवार को प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला उपाध्यक्ष के एक घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और गांव में तनाव फैल गया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के मोदीनगर रोड पर हैदरपुर नंगोला गांव में की गई ।
अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के बाद गांव में भारी पुलिस तैनाती की गई, जबकि क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया।
ढहाया गया मकान सपा जिला उपाध्यक्ष अयूब सिद्दीकी का था। अधिकारियों का आरोप है कि घर का निर्माण सरकारी तालाब की जमीन पर किया गया है।
सूत्रों ने कहा कि गांव में लगभग 42 घर कथित तौर पर एक ही जमीन पर बनाए गए थे और जिला प्रशासन द्वारा पहले ही कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, तहसीलदार स्वाति गुप्ता और नायब तहसीलदार नितिन कुमार, पुलिस कर्मी और बुलडोजर के साथ मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण सिद्दीकी के घर को निशाना बनाया ।
विध्वंस के बाद, ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं में गुस्सा फैल गया, और उन्होंने इस कदम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कथित तौर पर आगे बढ़ने से रोकने के लिए गांव में प्रवेश मार्गों को सील कर दिया।
सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद विध्वंस किया गया। उन्होंने कार्रवाई को ‘एकतरफा’ बताया और आरोप लगाया कि यह राजनीतिक दबाव में लिया गया है।
इस संबंध में एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों से उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार