चंडीगढ़, 20 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने रविवार को फरीदकोट में सीमा पार से हेरोइन तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों के पास से 47 किलोग्राम से अधिक हेरोइन तथा हथियार और कारतूस बरामद किया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, .30 बोर की तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन और 15 कारतूस जब्त किए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश, मंगल सिंह, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। ये सभी फिरोजपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस टीम ने बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद करने के अलावा तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उनके दो वाहनों को भी जब्त कर लिया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब में हेरोइन और अवैध हथियारों की सीमा पार से तस्करी करने वाले एक नेटवर्क से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापक नेटवर्क और उससे जुड़ी कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
फरीदकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गुरबंस सिंह बैंस ने अभियान का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि आगामी बाबा फरीद आगमन पर्व के मद्देनजर लगाए गए एक जांच नाके के दौरान फरीदकोट पुलिस की एक टीम ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक कार को रोका।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 47.3 किलोग्राम हेरोइन के साथ अवैध हथियार और कारतूस बरामद किये और फिर वाहन में सवार चारों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
एसएसपी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह को फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और हथियारों की खेप मिल रही थी, जिसे राज्य में वितरित किया जाना था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
फरीदकोट के सादिक थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत