महोबा (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के महोबा में हमलावरों के एक समूह ने 28 वर्षीय व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला करके दोनों हाथ काट दिए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जिला अस्पताल के चिकित्सक एस.पी. यादव ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की हालत नाजुक है।
उन्होंने कहा, “व्यक्ति के दोनों हाथ शरीर से लगभग अलग हो गए थे, जिन्हें सहारा देकर सुरक्षित रखा गया है। उसके एक पैर पर गहरा घाव है और सिर पर धारदार हथियार से किए गए वार कारण कई जगह गंभीर चोट आई हैं।’
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे कानपुर-सागर राजमार्ग पर समद नगर क्षेत्र के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई।
पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पहचान जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है, जो अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने गया था।
पुलिस और पीड़ित विक्की के परिवार के अनुसार हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और कुल्हाड़ियों से लगातार कई वार किए, इसके बाद वे घटनास्थल से फरार हो गए।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया।
विक्की के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता शिव प्रताप सिंह परमार और उसके साथियों ने यह हमला किया।
उन्होंने कहा कि शिवप्रताप को भाजपा युवा मोर्चा का जिला मीडिया प्रभारी बताया जाता है।
हालांकि इन आरोपों पर भाजपा नेता की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आलोक ने दावा किया कि परिवार की आरोपियों के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और राजनीतिक प्रभाव की वजह से यह हमला किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति के परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद एक मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई हैं।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब