आगरा: खराब सड़क पर एंबुलेंस के फंसने से नवजात की मौत

Ads

आगरा: खराब सड़क पर एंबुलेंस के फंसने से नवजात की मौत

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 01:01 AM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 01:01 AM IST

आगरा, सात सितंबर (भाषा) आगरा के बाह क्षेत्र के एक गांव में खराब सड़क पर एंबुलेंस के करीब दो घंटे तक फंसे रहने के कारण एक नवजात बच्ची की मौत हो गई।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि परिवार ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है और इस संबंध में जांच की जा रही है।

घटना कथित तौर पर दो सितंबर को गढ़वार गांव में हुई जब प्रदीप सिंह की पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई और परिवार ने सरकारी एंबुलेंस बुलाई।

परिवार की शिकायत के अनुसार, अस्पताल जाते समय एंबुलेंस खराब सड़क पर फंस गई, जिससे ग्रामीणों को उसे बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर से बांधना पड़ा।

आखिरकार महिला अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक नवजात बच्ची की सांसें थम चुकी थीं।

इस घटना से व्यथित प्रदीप कुमार ने अधिकारियों को पत्र लिखकर सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उप जिला मजिस्ट्रेट विनोद कुमार ने बताया कि पांच सितंबर को तहसील दिवस के दौरान शिकायत मिली थी और इसे लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है, जिससे रिपोर्ट मांगी गई है।

कुमार ने कहा, ‘‘रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत