इस्लाम अपनाने वाले आयुष मलिक की हिंदू धर्म में वापसी, बोले-माता-पिता की परेशानी देखकर लिया फैसला

इस्लाम अपनाने वाले आयुष मलिक की हिंदू धर्म में वापसी, बोले-माता-पिता की परेशानी देखकर लिया फैसला

इस्लाम अपनाने वाले आयुष मलिक की हिंदू धर्म में वापसी, बोले-माता-पिता की परेशानी देखकर लिया फैसला
Modified Date: June 30, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: June 30, 2026 12:21 pm IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के शामली जिले में इस वर्ष की शुरुआत में इस्लाम धर्म अपनाने वाले आयुष मलिक ने फिर हिंदू धर्म में वापसी की।

आयुष का कहना है कि उन्होंने अपने माता-पिता की परेशानी को देखते हुए यह फैसला किया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में आयुष अपने घर पर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आयुष को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया था, लेकिन अब हिंदू धर्म में वापस लौटने का निर्णय लिया है।

योग साधना आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने आयुष की हिंदू धर्म में वापसी की पुष्टि की।

उन्होंने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आयुष मलिक हिंदू धर्म में लौट आए हैं और उन्होंने घर पर फिर से पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। उन्होंने घर से मुस्लिम धर्म से जुड़ी सभी चीजें भी हटा दी हैं।’’

स्वामी यशवीर ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाया गया था और आयुष की घर वापसी के साथ वह सफल रहा।

यह घटनाक्रम शामली पुलिस द्वारा आयुष के पिता देवराज मलिक की शिकायत पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किए जाने के कुछ सप्ताह बाद सामने आया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आयुष का चांदनी कुरैशी से शादी के बहाने धर्मांतरण कराकर उसे इस्लाम अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उसकी संपत्ति हड़पी जा सके।

पुलिस ने सात जून को चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में कुल नौ लोगों को नामजद किया गया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द

वैभव खारी

खारी


लेखक के बारे में