हमीरपुर की घटना के लिए भाजपा का भ्रष्टाचार जिम्मेदार : अखिलेश

Ads

हमीरपुर की घटना के लिए भाजपा का भ्रष्टाचार जिम्मेदार : अखिलेश

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 02:53 PM IST

हमीरपुर (उप्र), 29 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार, बार बार ढांचागत विफलता के लिए जिम्मेदार है।

अखिलेश ने हमीरपुर जिले में एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने और छह मजदूरों की मृत्यु होने की घटना के बाद यह आरोप लगाया।

इस घटना को अत्यंत दर्दनाक करार देते हुए अखिलेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह बहुत दुखद खबर है कि हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से छह लोगों की मृत्यु हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जानी चाहिए और मृतकों का गरिमापूर्ण अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए। साथ ही उनके परिजनों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।”

सरकारी परियोजनाओं में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “यह गंभीर चिंता का मामला है कि भाजपा के कार्यकाल में हर निर्माण परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है। हर परियोजना में अक्सर 50 प्रतिशत से अधिक कमीशन मांगने की भाजपा की व्यवस्था इस मुद्दे का मुख्य कारण है।”

सपा प्रमुख ने कहा, “कहीं पुल गिरता है तो कहीं पानी की टंकी गिरती है, कहीं रेलवे स्टेशन की दीवार गिरती है तो कहीं भवनों की छत से पानी लीक करता है। यदि हवा से पुल गिर जाता है तो सोचिए जब वाहनों का आवागमन होगा तो कितनी भयावह स्थिति होगी।”

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस घटना में प्रभावित लोगों की सहायता करने की अपील करते हुए कहा, “हम हमारे स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर आंधी के बाद एक निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा शुक्रवार की सुबह ढहने से छह श्रमिकों की मृत्यु हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब तीन बजे घटी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

भाषा राजेंद्र मनीषा रंजन

रंजन