अखिलेश ने सपा के सत्ता में लौटने पर ब्रज क्षेत्र के ‘विश्वस्तरीय’ विकास का वादा किया

Ads

अखिलेश ने सपा के सत्ता में लौटने पर ब्रज क्षेत्र के ‘विश्वस्तरीय’ विकास का वादा किया

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 04:49 PM IST

लखनऊ, चार सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को संकल्प जताया कि यदि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटती है तो वे ब्रज क्षेत्र का ‘संतुलित और विश्वस्तरीय’ विकास करेंगे।

यादव ने यह भी कहा कि विकास ‘ब्रजवासियों’ की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यादव ने कहा,‘‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं! संपूर्ण विश्व में व्याप्त श्री कृष्ण जी के उपासकों पर घनश्याम जी का स्नेह और कृपा-अनुकंपा बनी रहे, यही कामना है।”

उन्होंने कहा,‘‘आज इस शुभ अवसर पर श्री कृष्ण जी के जन्म क्षेत्र के विकास के लिए हम ये संकल्प दोहराते हैं कि जिस प्रकार हमने सपा की पूर्व सरकार में ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत कार्य किये थे उसी प्रकार हम अपनी आगामी सरकार में ‘मथुरा-वृंदावन-बरसाना-गोवर्द्धन’ के धार्मिक क्षेत्र का संतुलित, विश्वस्तरीय और चतुर्दिक विकास करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि यह विकास इस तरह किया जाएगा कि धार्मिक-पौराणिक महत्व भी बना रहे और तीर्थयात्रियों और आध्यात्मिक पर्यटकों को अत्याधुनिक अवसंरचना सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ ब्रज के विकास का अर्थ ‘ब्रजवासियों’ की उपेक्षा नहीं होना चाहिए। हमारा मानना है कि ब्रजवासियों की सहमति-सहयोग से ही यहां का समुचित विकास संभव है। ब्रजवासियों के उत्थान-कल्याण में ही ब्रज क्षेत्र के विकास के सूत्र सन्निहित हैं।”

यादव की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के कुछ ही समय बाद आई, जो जन्माष्टमी समारोह के लिए मथुरा में थे। आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रज क्षेत्र को काशी और अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

आदित्यनाथ ने धार्मिक महत्व के स्थानों को पुनर्स्थापित और विकसित करने के प्रयासों का जिक्र करते हुए उदाहरण के रूप में वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्विकास और अयोध्या नगरी के परिवर्तित रूप का हवाला दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद, निर्वाचित प्रतिनिधियों के समन्वय से क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए मथुरा-वृंदावन के विकास पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर, बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन में पहुंचने वाले भक्तों को सुविधाएं मुहैया कराने की योजना बनाई जा रही है।

भाषा जफर

संतोष

संतोष