अलीगढ़ विश्वविद्यालय में अपने को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्रोई बताने वाला कनिष्ठ लिपिक गिरफ्तार
अलीगढ़ विश्वविद्यालय में अपने को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्रोई बताने वाला कनिष्ठ लिपिक गिरफ्तार
अलीगढ़ (उप्र), आठ जून (भाषा) अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई बताने वाले एक कनिष्ठ लिपिक को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान हशमत हुसैन के रूप में हुई है, जिसने एएमयू के शीर्ष अधिकारियों और चिकित्सा बिरादरी के सदस्यों को सुरक्षा राशि देने या ‘परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने’ के लिए संदेश भेजा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि छह जून को कुल आठ लोगों को पत्र मिला था।
इन आठ लक्षित लोगों में से शहर के एक प्रमुख ज्वैलर समेत दो लोगों ने शनिवार रात पुलिस से संपर्क किया। एक पुलिस टीम को नयी दिल्ली के ‘जनरल पोस्ट ऑफिस’ भेजा गया जहां से सभी ‘स्पीड पोस्ट’ भेजे गए थे।
डाकघर के कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज मदद से पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जो हशमत हुसैन निकला । हशमत ने कबूल किया कि दो करोड़ रुपये से अधिक इकट्ठा करने की पूरी साजिश उसने ही रची थी, क्योंकि उस पर लगभग एक करोड़ रुपये का कर्ज था।
हशमत ने जिन लोगों को निशाना बनाया गया उनमें एएमयू के प्रवेश एवं परीक्षा नियंत्रक, शहर के एक प्रमुख जौहरी और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक वरिष्ठ सलाहकार शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, हशमत ने अपने सभी पीड़ितों को सावधानीपूर्वक चुना था और उसे उनकी वित्तीय स्थिति और पारिवारिक विवरण की विस्तृत जानकारी थी।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


