लखनऊ, 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उनकी अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राय ने कहा, ‘‘बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनका जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है, जिससे प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जो कार्य किए, वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।
राय ने यह भी कहा कि पूर्व में समाज के दलित, शोषित और वंचित वर्गों के हक और अधिकार दिलाने के लिए जो कार्य बाबा साहेब ने किए थे, आज उसी दिशा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगे बढ़ रहे हैं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विचार विभाग के प्रमुक एच. एल. दुसाध ने कहा कि राहुल गांधी का दलित, शोषित और पिछड़े वर्गों के लिए किया जा रहा संघर्ष बाबा साहेब जैसा है।
संगोष्ठी में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, अनीस अंसारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. लालती देवी सहित अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा निर्मित संविधान की महत्ता पर चर्चा की।
भाषा आनन्द खारी
खारी