मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स ने बुधवार को बताया कि उसकी नवीनतम सैन्य ड्रामा श्रृंखला ‘ऑपरेशन सफेद सागर : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर’ नेटफ्लिक्स की ‘वैश्विक शीर्ष 10 गैर-अंग्रेजी टीवी सूची’ में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
छह कड़ियों (एपिसोड) वाली इस सीरीज का प्रसारण नेटफ्लिक्स पर सात अगस्त को शुरू हुआ था। नेटफ्लिक्स के अनुसार, यह लगातार दो सप्ताह तक वैश्विक स्तर पर शीर्ष 10 सीरीज की सूची में बनी हुई है और 40 देशों में शीर्ष 10 में जगह बनाने के साथ ही 10 देशों में पहले स्थान पर रही है।
नेटफ्लिक्स ने इस मौके पर ‘द लास्ट सैल्यूट’ नामक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) की भी घोषणा की, जिसमें भारतीय वायु सेना के साथ मिग-21 लड़ाकू विमान की 62 साल की विरासत को दर्शाया गया है। इसमें 1999 के कारगिल संघर्ष के दौरान इसकी तैनाती को भी दिखाया जाएगा।
ऑपरेशन सफेद सागर’ में तत्कालीन गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की कहानी को दर्शाया गया है। भारतीय वायु सेना के चित्रण, हवाई युद्ध के दृश्यों और मुख्य कलाकारों जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा और मिहिर आहूजा के अभिनय के लिए इस श्रृंखला की सराहना की गई है।
इस सैन्य-ड्रामा के केंद्र में मिग-21 लड़ाकू विमान है, जिसे गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के पायलट उड़ाते थे। यह श्रृंखला सेवानिवृत्त होने से पहले इस प्रतिष्ठित विमान को उसके आखिरी बार अभियान के दौरान फिल्माए जाने का भी साक्षी है।
शो के सह-निर्माता कुशल श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी और मैचबॉक्स शॉट्स द्वारा निर्मित वृत्तचित्र 26 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित होगा।
इसमें वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह के साथ उन पायलटों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने कई दशकों तक मिग-21 उड़ाया। वृत्तचित्र में व्यक्तिगत अनुभवों, अनसुनी कहानियों और पहले कभी न दिखाए गए पलों के जरिये इस विमान की विरासत को सामने रखा जाएगा।
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज प्रमुख तान्या बामी ने कहा कि इस शो ने यह साबित किया है कि एक विशिष्ट भारतीय कहानी वैश्विक दर्शकों से जुड़ सकती है।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश शोभना
शोभना