अंकित बालियान हत्याकांड: पंचायत ने दोनों शूटर, अन्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की

Ads

अंकित बालियान हत्याकांड: पंचायत ने दोनों शूटर, अन्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 12:50 PM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) शामली जिले में हुई एक खाप पंचायत में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में फरार दो शूटर और अन्य साजिशकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई।

शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार को हुई इस पंचायत में उत्तर प्रदेश के जांच अधिकारियों के साथ हरियाणा पुलिस के कथित असहयोग पर भी चिंता जताई गई।

बालियान खाप के प्रमुख और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता नरेश टिकैत ने कहा कि पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है जो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर ये मुद्दे उठाएगी।

पंचायत में टिकैत, बाबा श्याम सिंह (गठवाला खाप प्रमुख), ‘इंटरनेशनल जाट पार्लियामेंट’ के अध्यक्ष मनु चौधरी समेत कई जाट नेताओं के अलावा अंकित बालियान के पिता सतबीर सिंह भी शामिल हुए।

पंचायत में शामिल लोगों ने विदेश में रह रहे या जेलों में बंद साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने और राज्य सरकार की ओर से बालियान के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग की। उन्होंने आरोपियों द्वारा परिवार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकाए जाने पर भी चिंता जताई।

इस बीच, शुक्रवार को मनु चौधरी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अंकित बालियान को पूरा न्याय दिलाने के मकसद से अहम फैसले लेने के लिए 11 सितंबर को एक अन्य पंचायत बुलाई गई है।’’

पोस्ट में कहा गया, ‘‘भारतीय सेना के पूर्व सैनिक और अंकित बालियान के पिता चौधरी सतबीर सिंह ने बंतीखेड़ा गांव (शामली) स्थित अपने घर पर यह अहम पंचायत बुलाई है। सभी ‘खापों’ के सम्मानित ‘चौधरियों’, जिम्मेदार सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और समाज के सम्मानित वरिष्ठ सदस्यों से विनम्र अनुरोध है कि वे इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए अपना कीमती समय निकालें और अंकित बालियान को पूरा न्याय दिलाने के लिए जरूरी फैसले लेने में मदद करें।’’

मनु चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बंतीखेड़ा में शुक्रवार को होने वाली पंचायत ‘न्याय महापंचायत’ की तारीख तय करने के लिए बुलाई गई है जिसमें 40,000 से 50,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

इस बीच, शामली के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुमित शुक्ला ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पप्पू से अंकित बालियान हत्याकांड में पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में सौंपे जाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस गैंगस्टर को अंकित बालियान हत्याकांड में साजिशकर्ता के रूप में चिह्नित किया है।

पुलिस फरार शूटर सत्यम और आर्यन को गिरफ्तार करने के लिए कई जगहों पर छापे मार रही है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

अंकित बालियान की शामली में 26 अगस्त को उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह एक जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। पुलिस ने पहले बताया था कि दो मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावर ने अंकित बालियान पर गोलियां चलाई थीं।

पुलिस ने 29 अगस्त को कुछ आरोपियों की पहचान की। उनमें से दो, मोहित और सुमित, 31 अगस्त को शामली में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस के मुताबिक, मोहित के खिलाफ कम से कम 14 आपराधिक मामले दर्ज थे, जबकि सुमित के खिलाफ एक मामला दर्ज था।

बाद में, पुलिस ने सत्यम और आर्यन की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर इनाम की राशि 50,000 रुपये से बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दी। पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी