लखनऊ, 17 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी और लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीये जलाकर एक विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने के संकल्प में शामिल होने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज हम एक महत्वपूर्ण अवसर पर प्रेरणा स्थल पर एकत्र हुए हैं। यह अवसर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता, हमारे सम्मानित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुभ जन्मदिन है।’’
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम मोदी के जन्मदिन को मनाने और लोगों को ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प से जोड़ने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
आदित्यनाथ ने कहा, ”मैं सभी से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में दीये जलाकर इन संकल्पों में शामिल हों।”
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों समेत बड़ी संख्या में लोग इस अभियान के तहत दीये जला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी के नेतृत्व ने देश को एक नई पहचान दी है और ‘नए भारत’ का विजन पेश किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों से मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के विजन से जुड़ने की अपील भी की।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने हिस्सा लिया।
भाषा सलीम गोला
गोला