लखनऊ, 17 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
योगी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी को मार्गदर्शक बताया और उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की।
उन्होंने कहा, ‘145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नया सवेरा लाने के अविराम राष्ट्रीय प्रयास के लिए समर्पित, विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनीतिक नेता, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के दूरदर्शी, ‘नए भारत’ के शिल्पी और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र प्रथम’ के पवित्र संकल्प के लिए समर्पित आपका जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरणा है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।’
योगी ने मोदी के स्वास्थ और दीर्घायु होने के लिए भी प्रार्थना की।
उप्र भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ जनसेवा को नई दिशा दी है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनायें दीं।
यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनायें!”
बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी मोदी को अपनी शुभकामनायें दीं।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके 76वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनायें।”
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या से जुड़े वरिष्ठ संतों ने भी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखकर अपनी जन्मदिन की शुभकामनायें प्रेषित कीं।
ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि ने भी एक वीडियो बयान जारी कर मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनायें दीं।
उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘भारत माता का महान पुत्र’ बताया और कहा कि उन्हें एक ‘युग-निर्माता’ के रूप में याद किया जाएगा।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी की संवेदनशीलता और लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके व्यक्तिगत जुड़ाव को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, ‘मेरे जीवन की कई ऐसी यादें हैं जब प्रधानमंत्री जी की आत्मीयता ने मुझे गहराई से भावुक किया। इतनी बड़ी जिम्मेदारियों के बीच भी 140 करोड़ भारतीयों और एक-एक कार्यकर्ता की भावनाओं को गहराई से समझने की उनकी क्षमता इस बात का प्रमाण है कि वे सच्चे ‘प्रधान सेवक’ हैं।’
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मोदी के जीवन को राष्ट्र सेवा, जनसेवा और गरीबों के कल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।
पाठक ने कहा, ‘सफल प्रधानमंत्री, विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के गौरव आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी को उनके 76वें जन्मदिन पर हृदय की गहराइयों से हार्दिक बधाई एव। शुभकामनायें।’
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के एक छोटे से शहर वडनगर में हुआ था। 2014 से प्रधानमंत्री रहे मोदी वाराणसी से लोकसभा सांसद है ।
भाषा ज़फर रंजन रंजन
रंजन