बरेली में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर निजी बस गहरे खड्ड में पलटी, 40 यात्री घायल

बरेली में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर निजी बस गहरे खड्ड में पलटी, 40 यात्री घायल

बरेली में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर निजी बस गहरे खड्ड में पलटी, 40 यात्री घायल
Modified Date: July 9, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: July 9, 2026 4:30 pm IST

बरेली (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) बरेली शहर के थाना सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर दिल्ली से पीलीभीत जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में पलट गई। इस हादसे में लगभग 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घायलों को बरेली के जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर परधोली गांव के निकट बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे एक निजी बस अनियंत्रित होकर लगभग 15 फीट गहरे खड्ड में पलट गई।

सूचना मिलते ही थाना सीबीगंज पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया।

बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया कि हादसे में 40 यात्री घायल हुए हैं। इनमें नगमा (35), मोहम्मद परवेज (38), उनकी मां सलमा तथा दो वर्षीय पुत्र मोहम्मद फैज गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद परवेज अपने दो वर्षीय बेटे फैज का इलाज कराने दिल्ली गए थे। इलाज के बाद पूरा परिवार निजी बस से अपने गांव लौट रहा था। परिवार मूल रूप से पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल लगभग 17 लोगों को बरेली के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

भाषा सं जफर शफीक

शफीक


लेखक के बारे में