आजमगढ़ में वित्तीय अनियमितता में जिला समाज कल्याण अधिकारी और सहायक गिरफ्तार
आजमगढ़ में वित्तीय अनियमितता में जिला समाज कल्याण अधिकारी और सहायक गिरफ्तार
लखनऊ, 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ में समाज कल्याण विभाग के दो अधिकारियों को सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के वेतन भुगतान में 51.46 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।
बयान में बताया गया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी और कार्यालय सहायक सतेंद्र बहादुर सिंह के रूप में की गई है।
बयान में कहा गया कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई।
सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों को अनियमित वेतन भुगतान की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, आज़मगढ़ के जिलाधिकारी ने आरोपों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया था।
बयान में कहा गया है कि जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग की पुष्टि हुई, जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया ।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई भी हो, बक्शा नहीं जाएगा तथा पहले भी इस तरह के मामलों में भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजा गया है।
भाषा जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


