(फाइल फोटो के साथ)
रायबरेली (उप्र) 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का जीवन सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने दावा किया कि 2022 में दोबारा भाजपा की सरकार बनी थी और अब उसका 2027 में हैट्रिक लगाने का संकल्प है।
रायबरेली के बछरावां विधानसभा क्षेत्र के कन्नावां गांव में सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया।
उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में कहा,‘‘यह सिर्फ एक प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता एवं संविधान के मूल्यों के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को एक ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन दलित, वंचित और शोषित समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
चौधरी ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में बाबा साहब के विचारों को सच्चे अर्थों में सम्मान दिया जा रहा है। डबल इंजन सरकार भी बाबा साहब के विचारों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज पांडेय, सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमा समेत कई प्रमुख लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने सभी का स्वागत किया।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार